गुरुकुलम् आयुर्वेद’ बनाम वैज्ञानिक प्रामाणिकता — अस्तित्व संकट में आयुर्वेद

Editorial Analysis
Published: April 30, 2026 | Editor in Chief

Gurukulam Ayurveda vs Scientific Validation: Ayurveda at the Crossroads of Its Existence

This editorial critically examines the ongoing transformations in Ayurvedic education and practice, particularly in the context of the proposed “Gurukulam Ayurveda” curriculum. It highlights the growing tension between traditional integrity and modern scientific validation. The marginalization of core disciplines such as Rasa Shastra and the neglect of the rich surgical heritage of Sushruta Samhita raise serious concerns about the dilution of Ayurveda’s comprehensive medical identity. Relaxation in admission standards threatens academic quality and professional competence. Institutional neglect, lack of faculty development, and internal fragmentation further aggravate the crisis. The editorial argues that without strong scientific validation, standardized education, and clinical training—including surgical and therapeutic expertise—Ayurveda risks being reduced to a limited wellness-based system. A balanced integration of tradition and modern science is essential for its global relevance and sustainability.

आयुर्वेद आज एक ऐसे संक्रमणकाल से गुजर रहा है, जहाँ उसकी वैश्विक प्रतिष्ठा और उसकी मूल आत्मा के बीच गहरा अंतर्विरोध उभरकर सामने आ रहा है। एक ओर इसे विश्व स्वास्थ्य पटल पर स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसकी शैक्षणिक गुणवत्ता, पारंपरिक गहराई और वैज्ञानिक स्वरूप को कमजोर करने वाली नीतियाँ भी समानांतर रूप से विकसित हो रही हैं। ‘गुरुकुलम् आयुर्वेद’ जैसे प्रस्तावित पाठ्यक्रम इसी द्वंद्व का प्रतीक बनकर उभरे हैं, जिन पर शिक्षाविदों और छात्रों की गंभीर आपत्तियाँ केवल संस्थागत असहमति नहीं, बल्कि आयुर्वेद के भविष्य के प्रति गहरी चिंता का संकेत हैं।

विगत वर्षों में आयुर्वेद को ‘हर्बल’ और ‘वेलनेस’ की सीमित परिभाषाओं में बाँधने का प्रयास उसकी व्यापक चिकित्सीय परंपरा के साथ अन्याय है। यह प्रवृत्ति न केवल उसकी मौलिकता को संकुचित करती है, बल्कि उसे एक समग्र चिकित्सा पद्धति के स्थान पर एक पूरक या वैकल्पिक प्रणाली के रूप में स्थापित करने का जोखिम भी उत्पन्न करती है। विशेष रूप से रसशास्त्र जैसे आयुर्वेद के महत्वपूर्ण अंग, जिनकी औषधियाँ तीव्र प्रभाव और अल्प मात्रा के लिए जानी जाती हैं, आज नीतिगत संकोच और प्रतिबंधों के कारण उपेक्षा के शिकार हो रहे हैं।

यह भी सर्वविदित है कि आयुर्वेद के महर्षि सुश्रुत विश्व के आदि शल्य-चिकित्सक माने जाते हैं और ‘सुश्रुत संहिता’ सर्जरी की एक अमूल्य धरोहर है। इसके बावजूद, जिस प्रकार रसशास्त्र को हाशिये पर डाला जा रहा है, उसी प्रकार शल्य-तंत्र की इस महान परंपरा की भी उपेक्षा की जा रही है। यह प्रवृत्ति आयुर्वेद की बहुआयामी शक्ति को संकुचित कर उसे एक अपूर्ण चिकित्सा प्रणाली के रूप में प्रस्तुत करने का खतरा उत्पन्न करती है।

प्रस्तावित ‘गुरुकुलम्’ पाठ्यक्रम में प्रवेश के मानकों को शिथिल कर 10वीं उत्तीर्ण छात्रों को सम्मिलित करने का विचार वर्तमान चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता के लिए एक गंभीर चुनौती है। जहाँ आधुनिक चिकित्सा और आयुर्वेद दोनों में प्रवेश हेतु प्रतिस्पर्धात्मक और मानकीकृत प्रणाली विकसित की गई है, वहीं इस प्रकार की व्यवस्था शिक्षा के स्तर में असमानता और पेशेवर दक्षता में कमी का कारण बन सकती है। इससे न केवल आयुर्वेदिक डिग्री की विश्वसनीयता प्रभावित होगी, बल्कि भविष्य के चिकित्सकों की नैदानिक क्षमता पर भी प्रश्नचिह्न लगेंगे।

इसके साथ ही संस्थागत स्तर पर भी आयुर्वेद उपेक्षा का सामना कर रहा है। निजी संस्थानों की तीव्र वृद्धि के विपरीत, सरकारी आयुर्वेद महाविद्यालयों में संसाधनों, नियुक्तियों और उन्नयन की गंभीर कमी स्पष्ट दिखाई देती है। वर्षों तक शिक्षकों की नियुक्ति और पदोन्नति का अभाव इस क्षेत्र में नीतिगत उदासीनता को दर्शाता है। विभिन्न संगठनों के बीच समन्वय की कमी और आंतरिक संघर्ष ने भी आयुर्वेद को सशक्त दिशा देने के बजाय उसे विभाजित ही किया है।

सबसे चिंताजनक पक्ष यह है कि इस समूचे परिदृश्य का सीधा प्रभाव छात्रों के आत्मविश्वास और व्यावहारिक दक्षता पर पड़ रहा है। जब तक उन्हें ठोस नैदानिक प्रशिक्षण, विशेषकर रस-चिकित्सा, शल्य-चिकित्सा और व्यावहारिक उपचार पद्धतियों का अनुभव नहीं मिलेगा, तब तक वे आधुनिक चिकित्सा प्रणाली के समक्ष प्रभावी विकल्प के रूप में स्वयं को स्थापित नहीं कर पाएंगे। आयुर्वेद को केवल सिद्धांतों तक सीमित रखने के बजाय उसे परिणाम-आधारित चिकित्सा के रूप में प्रस्तुत करना समय की आवश्यकता है। आयुर्वेद के सुदृढ़ भविष्य के लिए वैज्ञानिक प्रामाणिकता अनिवार्य है। पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक अनुसंधान, मानकीकरण और प्रमाणन के माध्यम से सशक्त बनाना ही उसे वैश्विक स्तर पर स्वीकार्य बनाएगा। परंपरा और विज्ञान के बीच संतुलन स्थापित करना ही वह मार्ग है, जो आयुर्वेद को न केवल संरक्षित करेगा, बल्कि उसे आधुनिक युग में प्रासंगिक भी बनाए रखेगा।

अतः यह आवश्यक है कि नीतिनिर्माता, शैक्षणिक संस्थान और आयुर्वेदिक समुदाय मिलकर ऐसे निर्णय लें, जो गुणवत्ता, समानता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्राथमिकता दें। परंपरा के नाम पर शिक्षा के मानकों से समझौता करना दीर्घकाल में आत्मघाती सिद्ध होगा। आयुर्वेद को केवल वेलनेस या सहायक चिकित्सा तक सीमित करने के बजाय उसे एक पूर्ण, प्रभावी और वैज्ञानिक चिकित्सा प्रणाली के रूप में विकसित करना ही वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके समग्र आयुर्वेद रसशास्त्र ,शल्य के साथ जब आयुर्वेद अपने नैदानिक कौशल और औषधीय प्रभावशीलता के आधार पर समाज को ठोस परिणाम देगा, तभी उसका वास्तविक सम्मान और विश्वास पुनर्स्थापित हो सकेगा।

Dr. R. Achal

डॉ. आर. अचल पुलस्तेय

Editor-in-Chief, Eastern Scientist

Multidisciplinary scholar focusing on socio-economic transitions and geopolitical shifts in the Eastern hemisphere.

ORCID iD: 0009-0002-8240-2689

Article Views :

How to Cite this Article :


Related Articles

Post a Comment

0 Comments